ई-रिक्शा चालक विकास समिति ने भंग की कार्यकारिणी
Face Warta
नोएडा में ई-रिक्शा चालकों को किया जायेगा संगठितः बाबू प्रधान
नोएडा। ई-रिक्शा चालक विकास समिति ने कार्यकारिणी को भंग कर दिया है। समिति के अध्यक्ष बाबू प्रधान ने उपाध्यक्ष रवि डेढा को पद से बर्खास्त किया है। बाबू प्रधान ने कहा कि नोएडा शहर में ई-रिक्शा चालकों का हर स्तर पर शोषण किया जा रहा है।
एक बयान में बाबू प्रधान ने कहा कि नोएडा शहर में एक स्थान से दूसरे स्थान पर नागरिकों को लाने व ले जाने के लिए ई-रिक्शा चालक अहम भूमिका निभाते है। पिछले दो वर्ष से ई-रिक्शा चालक स्टैंड की मांग कर रहे है। नोएडा जिला प्रशासन व नोएडा प्राधिकरण केवल आश्वासन ही दे रहा है। आज शहर में लगभग 10 हजार ई-रिक्शा हैं जो कि सरकार को टैक्स भी अदा कर रहे है। लेकिन आज तक नोएडा में उन्हें स्टैंड नहीं मिला है। नोएडा शहर में हजारों ई-रिक्शा चालक बिना स्टैंड के घूमते रहते हैं जिन्हें पुलिस प्रशासन व ट्रैफिक पुलिस द्वारा प्रताड़ित भी किया जाता है। उन्होंने बताया कि कार्यकारिणी को भंग कर दिया गया है। कार्यकारिणी के उपाध्यक्ष रवि डेढ़ा को पद से बर्खास्त कर दिया गया है। डेढ़ा कार्यकारिणी का समय नहीं दे पा रहे थे। नये सिरे से जल्द ही संगठन का विस्तार किया जायेगा। उन्होंने कहा कि ई-रिक्शा स्टैंड के लिए नोएडा प्राधिकरण व जिला प्रशासन से मांग की जायेगी अगर उनकी मांग को पूरा नहीं किया गया तो व्यापक स्तर पर आंदोलन भी किया जायेगा।