कांग्रेस के कार्यकर्ता रात्रि से ही नजरबन्द व गिरफ्तार- अजय कुमार लल्लू
face warta लखनऊ, 08 दिसम्बर 2020
केन्द्र की भाजपा सरकार द्वारा पारित किये गये तीन काले कृषि कानूनों के विरोध में आज किसान संगठनों द्वारा किये गये देशव्यापी ‘भारत बन्द’ के आवाहन और किसान हितों के लिए उनके इस आन्दोलन को कांग्रेस पार्टी ने पूर्ण समर्थन देते हुए प्रदेशव्यापी बन्द को सफल बनाने में शहरों एवं कस्बों में किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर दुकानों एवं प्रतिष्ठानों को बंद कराकर उनके समर्थन में जगह-जगह सभाएं, धरना-प्रदर्शन कर आम जनता और व्यापारियों से अपील की कि अन्नदाता के समर्थन में अपना प्रतिष्ठान बन्द कर किसानों के इस भारत बन्द आन्दोलन को सफल बनायें। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि आज किसानों के आवाहन पर हुए भारत बन्द को सभी वर्गों का भरपूर समर्थन और सहयोग मिला। आम जनता के साथ-साथ कर्मचारी वर्ग ने भी किसानों के पक्ष में अपने प्रतिष्ठानों में काम बन्द कर भारत बन्द का समर्थन किया। उ0प्र0 में भारत बन्द पूरी तरह सफल रहा।
प्रदेश कंाग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि किसानों के आन्दोलन के चलते भयभीत योगी सरकार ने दमन की सभी सीमाओं को पार करते हुए देर रात्रि से ही जिलों-जिलों में हजारों की संख्या में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, प्रदेश पदाधिकारियों, जिला एवं शहर अध्यक्षों एवं कार्यकर्ताओं को उनके आवास पर नजरबन्द या गिरफ्तार कर लिया गया।

कांग्रेस महासचिव एवं उ0प्र0 प्रभारी श्रीमती प्रियंका गांधी ने किसानों द्वारा भारत बन्द आन्दोलन के समर्थन में ट्वीट करते हुए कहा कि -नाम किसान कानून लेकिन सारा फायदा अरबपति मित्रों का। किसान कानून बिना किसानों से बात किए कैसे बन सकते हैं? उनमें किसानों के हितों की अनदेखी कैसे की जा सकती है? सरकार को किसानों की बात सुननी होगी। आइए मिलकर किसानों के समर्थन में आवाज उठाएं। शाम को उन्होने एक दूसरा ट्वीट कर कहा कि – किसानों का साथ देने के लिए आज पूरे उ0प्र0 में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को नजरबंद एवं गिरफ्तार किया जा रहा है। कड़कड़ाती ठंड में बैठे किसानों के लिए खेती, किसानी एमएसपी बचाने के लिए ये ‘‘करो या मरो’’ की लड़ाई है। कांग्रेस कार्यकर्ता अपने आखिरी दम तक किसानों के साथ है। किसानों सहित देश के चुने हुए प्रतिनिधियों की आवाज आज दबा रही है। काला कृषि कानून इसलिए लाया जा रहा है ताकि किसानों की अपनी जमीन, अपनी फसल की एमएसपी का अधिकार छीनकर बड़े कार्पोरेट घरानों को सौंपा जा सके। उन्होने किसानों का समर्थन करते हुए कहा कि एक तरफ धरती माता के लाल खड़े हैं तो दूसरी तरफ पूंजीपतियों के दलाल खड़े हैं जो इस काले कानून को जबरिया किसानों पर थोपना चाहते हैं जिसे कंाग्रेस पार्टी हर कीमत पर रोकने का प्रयास करेगी और माटी के लाल अन्नदाताओं के साथ खड़ी रहेगी। उन्होने कहा कि ‘‘अडानी-अम्बानी कृषि कानून रद्द करने होंगे, इससे कम पर कुछ मंजूर नहीं।
उ0प्र0 कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के निर्देशानुसार किसान संगठनों द्वारा किये जा रहे देशव्यापी आन्दोलन ‘भारत बन्द’ को सफल बनाने के लिए आज महानगर एवं जिला कांग्रेस कमेटी लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंह चैहान एवं जिला अध्यक्ष वेद प्रकाश त्रिपाठी के संयुक्त नेतृत्व में केन्द्र सरकार द्वारा पारित किये गये तीन काले कृषि कानून – कृषक उपज, व्यापार वाणिज्य अधिनियम, कृषक मूल्य आश्वासन करार अधिनियम व आवश्यक वस्तु अधिनियम के विरूद्ध प्रदर्शन कर किसान संगठनों के इस भारत बन्द आन्दोलन को अपना पूर्ण समर्थन देते हुए आवाज बुलन्द की और इन तीनों काले कानूनों को किसान हितों में वापस लिये जाने की मांग की।
इस मौके पर महानगर कांग्रेस कमेटी लखनऊ के अध्यक्ष मुकेश सिंह चैहान ने कहा कि भाजपा सरकार की किसान विरोधी नीतियों और तीन किसान विरोधी बिल पास किये जाने के खिलाफ देशभर के किसान संगठन और पूरे देश में किसान विगत 13 दिनों से आन्दोलनरत हैं। इस भयानक सर्द रातों में सरकार के इशारे पर पुलिस द्वारा की जा रही बर्बर कार्यवाही के बावजूद किसान भाजपा द्वारा लगाये गये किसान विरोधी तीनों काले कृषि कानूनों को वापस लेने की अपनी मांग पर कायम हैं। केन्द्र सरकार किसानों से जबरन उसका अधिकार छीन रही है। किसानों के हितों के लिए कांग्रेस पार्टी लगातार संघर्ष कर रही है। उन्होने कहाकि यह तीनों काले कानून किसान विरोधी हैं जिसे सरकार अपने चहेते चंद पूंजीपति घरानों के इशारे पर व उन्हें लाभ पहुंचाने के लिए किसानों पर जबरन थोपना चाहती है। कांग्रेस पार्टी किसानों के हितों के लिए इस काले कानूनों को वापस लिये जाने तक संघर्ष करेगी।